वैक्सीन लगवाने के बाद हाथ के दर्द और सूजन ऐसे करें ठीक (Home Remedies to Get Relief From Arm Pain Post Vaccination)

देशभर में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान जारी है। 18 साल से ऊपर के सभी लोग अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। वैक्सीन लेने के बाद हल्का बुखार, सिरदर्द और कोविड आर्म जैसे दुष्प्रभाव नजर आना बेहद आम है। अगर आपको वैक्सीन लगवाने के बाद हाथ में दर्द या सूजन जैसी समस्या होती है, तो इसमें आपको डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। यह कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है, यह सिर्फ बॉडी का एक इम्यून रिस्पॉन्स होता है। इससे आपको कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। यह कुछ ही दिनों में अपने आप ठीक हो जाता है, लेकिन अगर आपको इसमें दर्द और सूजन हो तो आप कुछ घरेलू उपायों की मदद से इसे आसानी से ठीक कर सकते हैं। डॉक्टर रमन कुमार से जानें इन घरेलू उपायों के बारे में-
1. बर्फ से करें सिकाई (Ice Therapy)

अकसर आपने देखा होगा कि जब भी छोटे बच्चों को कोई वैक्सीन लगाई जाती है, तो इस स्थान पर बर्फ से सिकाई करने की सलाह दी जाती है। इससे त्वचा पर रेडनेस, सूजन और दर्द नहीं होता है। आप भी कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद अपने हाथ की बर्फ से सिकाई कर सकते हैं। इससे वैक्सीन वाली जगह पर सूजन की समस्या नहीं होती है, साथ ही दर्द में भी आराम मिलता है।
2. दर्द निवारक क्रीम लगाएं (Pain Relief Cream)

अगर आपको कोरोना वैक्सीन लेने के बाद हाथ या आर्म में ज्यादा दर्द होता है, तो आप प्रभावित स्थान पर दर्द निवारक क्रीम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपका दर्द थोड़े समय में ही ठीक हो जाएगा। इसके लिए आप अपने डॉक्टर से दर्द निवारक क्रीम के बारे में पता कर सकते हैं। अगर आपको घर पर पहले से ही कोई ऐसी क्रीम है, जिससे दर्द में आराम मिलता है तो आप उसका उपयोग भी कर सकते हैं।
3. दर्द निवारक दवाई का सेवन करें (Pain Killer)

वैसे तो वैक्सीन लगाने के बाद होने वाला दर्द अपने आप ही ठीक हो जाता है, इसके लिए किसी दवाई की जरूरत नहीं पड़ती है। लेकिन फिर भी आपको लंबे समय तक ज्यादा दर्द रहता है तो आप पेन किलर या दर्द निवारक दवाईयों का सेवन कर सकते हैं। आप डॉक्टर की सलाह पर दर्द से राहत पाने वाली दवाई ले सकते हैं। इससे आपको दर्द में जल्दी आराम मिलेगा।
4. तरल पदार्थ का सेवन करें (Liquid)

डॉक्टर कोरोना वैक्सीन लेने से पहले और बाद में हाइड्रेट रहने की सलाह दे रहे हैं। इसके लिए आप खूब पानी पिएं और तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा मात्रा में करें। इसके लिए आप फ्रूट जूस, सूप या स्मूदी पी सकते हैं। इससे आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत (Strong Immunity) होगी। इम्यूनिटी मजबूत होने पर आपको वैक्सीन लेने के बाद ज्यादा दर्द महसूस नहीं होगा। यह कुछ दिनों में अपने आप ही ठीक हो जाएगा।
5. हाथ की मूवमेंट करें (Hand Movement)

वैक्सीन लगवाने के बाद अपने हाथ की अच्छे से मूवमेंट करें। इस दौरान आपको हाथों की एक्सरसाइज करना जरूरी होता है। इससे आपको दर्द नहीं होगा, साथ ही हाथ में सूजन की समस्या भी नहीं होगी। अगर आपको वैक्सीन के बाद दर्द हो तो एक्सरसाइज या हाथ की मूवमेंट करने से यह समस्या भी ठीक हो जाती है।
6. अच्छी डाइट लें (Healthy Diet)

कोरोना वैक्सीन लेने के बाद हेल्दी डाइट लेना बहुत जरूरी होता है। इससे हमारी इम्यूनिटी बढ़ती है और वैक्सीन का इम्यून भी अच्छा रिस्पॉन्स देता है। इसलिए वैक्सीन लगवाने से पहले और बाद दोनों समय आपको स्वस्थ आहार लेना है। इससे आपका स्ट्रांग बनेंगे और किसी भी दर्द को सहन करने में सक्षम होंगे। लेकिन अगर वैक्सीन लेने के बाद आपको लंबे समय तक हाथ में दर्द या सूजन रहे, तो एक बार डॉक्टर से संपर्क जरूर करें।






